छत्तीसगढ़

धान खरीदी में रकबा कम होने की शिकायतों पर कलेक्टर खुद करें जांच, CM साय के निर्देश

पारस पोर्टल की तीसरी समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर मंथन, जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 के काम समय-सीमा में पूरे करने पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबे में कमी संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टरों को स्वयं जांच कर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय, महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी में रकबा संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान किसानों से प्राप्त रकबा कम होने संबंधी शिकायतों पर सभी कलेक्टरों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलने पर कलेक्टर स्वयं जांच करें और जल्द निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान विक्रय में परेशानी न हो।

घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाने में तेजी

सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में इस दिशा में अच्छा काम हो रहा है, लेकिन कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है।

कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को योजना के क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेकर कार्यों को गंभीरता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत, सुरक्षा और उपयोगिता के लाभों से आम नागरिकों को अवगत कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों की सामुदायिक रसोई, सर्किट हाउस और अन्य शासकीय संस्थानों में पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।

जल जीवन मिशन को सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। सभी कलेक्टर इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाएं और मासिक समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिन ठेकेदारों ने कार्य पूरा कर लिया है, उनका भुगतान समय पर किया जाए। बेहतर काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

अमृत 2.0 और सीवेज परियोजनाएं समय पर हों पूरी

मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

टीएल बैठक में योजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां के कलेक्टर अपनी स्थिति की समीक्षा करें। सभी महत्वपूर्ण मिशनों और योजनाओं को समय-सीमा यानी टीएल बैठकों में शामिल कर नियमित समीक्षा की जाए।उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अधिकारियों की जिम्मेदारी और तत्परता से शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search