
गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकला मार्च, सुखदेव भगत, दीपक बैज और चरणदास महंत ने भाजपा व निर्वाचन आयोग पर लगाए आरोप
रायपुर। संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने गुरुवार को रायपुर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकाला। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकले इस मार्च में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि यह मार्च केवल रैली नहीं, बल्कि मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प है। कार्यक्रम के समापन पर अंबेडकर चौक में संविधान की रक्षा और नागरिकों के मताधिकार को सुरक्षित रखने की शपथ ली गई।

संविधान गरीबों, मजदूरों और आम नागरिकों का अधिकार : सुखदेव भगत
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान बचाओ आंदोलन लगातार जारी रहेगा और इसकी आवाज दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान गरीबों की रोटी, मेहनतकश मजदूरों का पसीना, आदिवासियों की जमीन और 140 करोड़ भारतीयों के सम्मान से जुड़ा है।
भगत ने भाजपा पर संविधान को अपनी जागीर समझने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बहुमत के अहंकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को सदन से बाहर कर कानूनों में अनुचित संशोधन किए जा रहे हैं और लोगों के मतदान अधिकारों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार से बड़ा संविधान और कुर्सी से बड़ा लोकतंत्र होता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वर्तमान परिस्थितियों को बदलने और 2028 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
बैज ने कहा कि संविधान का अर्थ समानता, स्वतंत्रता, सम्मानपूर्वक जीवन जीने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है। उन्होंने भाजपा सरकार पर मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में मनमानी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान का सम्मान किया और उसकी रक्षा के लिए संघर्ष किया है। बैज ने सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, रेलवे, बिजली, पेट्रोलियम और अन्य क्षेत्रों के निजीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित और देश के संसाधनों की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष कर 2028 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया है।
संविधान और लोकतंत्र को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी : चरणदास महंतनेता प्रति
पक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि देश की आजादी के लिए पूर्वजों ने बलिदान दिया और संविधान के माध्यम से जनता को शासन चलाने का अधिकार मिला। आज उसी संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेसजन एकजुट हुए हैं।महंत ने भाजपा पर जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने तथा नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान के रक्षक होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने बस्तर से सरगुजा तक आदिवासियों के अधिकारों और जमीन से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। महंत ने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने किया। संविधान रक्षा मार्च में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, डॉ. शिवकुमार डहरिया, मोहन मरकाम, अमरजीत भगत, रुद्र कुमार गुरु, अनिला भेड़िया, प्रेमसाय सिंह टेकाम, सांसद फूलोदेवी नेताम और ज्योत्सना महंत सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इसके अलावा विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, सेवादल और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




