छत्तीसगढ़राजनीति

विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश हमारा भारतवर्ष है : विष्णुदेव साय

संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की सभा में मुख्यमंत्री ने डॉ. आंबेडकर को किया नमन, कांग्रेस पर लगाए लोकतंत्र कमजोर करने के आरोप

रायपुर। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। हमारे संविधान निर्माताओं का सपना था कि लोकतंत्र में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो और वंचित तबकों को भी समान अधिकार प्राप्त हों। संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देता है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री श्री साय गुरुवार को शहीद स्मारक भवन, रायपुर में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा की अनेक बैठकें हुईं। भारतीय संविधान के निर्माण में कुल दो वर्ष, ग्यारह माह और अठारह दिन लगे। संविधान सभा में वर्तमान छत्तीसगढ़ क्षेत्र के भी अनेक सदस्य शामिल थे।

प्रधानमंत्री मोदी विकास के साथ विरासत को भी संजो रहे हैं

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2015 में संविधान गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया। इससे आने वाली पीढ़ियों को संविधान निर्माण में बाबासाहेब और अन्य संविधान निर्माताओं के योगदान को जानने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. आंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। इनमें जन्मभूमि महू, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षा भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्य भूमि मुंबई शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबासाहेब को अपमानित करने और चुनाव में हराने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकास के साथ-साथ देश की विरासत को भी संजोने का काम कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और वहां लोकतंत्र को मजबूत करने का काम भी केंद्र सरकार ने किया है।

कांग्रेस ने संविधान और लोकतंत्र को कमजोर किया : संतोष पांडेय

भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए आपातकाल का उल्लेख किया।

सांसद पांडेय ने कहा कि 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को लेकर फैसला सुनाया था। इसके बाद 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लागू कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान न्यायपालिका, नौकरशाही और मीडिया की स्वतंत्रता प्रभावित हुई तथा लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया गया।

उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प को पूरा करते हुए जम्मू-कश्मीर में एक विधान, एक प्रधान और एक निशान की व्यवस्था स्थापित की गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डॉ. आंबेडकर से जुड़े स्मारकों के विकास और भीम ऐप की शुरुआत को गौरवपूर्ण कदम बताया।

संविधान देश की सबसे बड़ी पूंजी और खूबसूरती : गजेंद्र यादव

विधि एवं विधायी तथा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान ही भारत की सबसे बड़ी पूंजी और खूबसूरती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. आंबेडकर की 125वीं जयंती पर 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर संविधान निर्माताओं को सम्मान देने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संयोजक रंजना साहू ने किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, विधायक सुनील सोनी एवं मोतीलाल साहू, रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग सहित भाजपा पदाधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक और विभिन्न संगठनों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search