CM साय का जनदर्शन शुरू, जरूरतमंदों को मिली ट्राइसाइकिल; 10 महीने बाद जनदर्शन से लोगों में उत्साह

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रदेशभर के नागरिक
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनदर्शन आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शुरू हो गया है। करीब 10 महीने बाद आयोजित हो रहे जनदर्शन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे हैं।
जनदर्शन में मुख्यमंत्री साय दिव्यांगजनों से प्राथमिकता के आधार पर मुलाकात कर रहे हैं। वे उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुन रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दे रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और चिकित्सा सहायता के लिए आवेदन लेकर पहुंचे लोगों से भी मुख्यमंत्री मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुन रहे हैं।
जनदर्शन में मुख्यमंत्री प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद हैं, जो लोगों की समस्याओं और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए सहयोग कर रहे हैं।
करीब 10 महीने के अंतराल के बाद आयोजित जनदर्शन में लोगों की भागीदारी और उत्साह देखने को मिल रहा है। जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों को मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं सीधे रखने और उनके समाधान की उम्मीद जगी है।




