बीजापुर में माओवादी डम्प से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी डम्प के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।
थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर तलाशी और डिमाइनिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ।
डिब्बे की तलाशी में 33 सोने के बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। कुल सोने का वजन 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए, बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर तलाशी और डिमाइनिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के दौरान बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।




