छत्तीसगढ़अपराध

B.Tech के छात्र निकले चेन स्नैचर! स्कूटी पर निकलते थे वारदात करने, बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने चेन स्नैचिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी कोई शातिर अपराधी नहीं, बल्कि B.Tech की पढ़ाई करने वाले युवक और युवती हैं। दोनों एक ही कॉलेज में साथ पढ़ते हैं। पुलिस के मुताबिक पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने चेन स्नैचिंग की योजना बनाई और इसके बाद वारदातों को अंजाम देने लगे।

मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सुबह टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब साढ़े 6 बजे अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने मौका पाकर गीता देवी के गले से सोने की चेन झपटी और दोनों मौके से फरार हो गए।

इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को निशाना बनाया गया। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की।

युवती चलाती थी स्कूटी, युवक झपटता था चेन

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक दोनों आरोपी सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते थे। इस दौरान वे पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं पर नजर रखते थे। वारदात के दौरान युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक पीछे बैठकर चेन झपटता था। वारदात के बाद दोनों तेजी से मौके से फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दोनों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने स्कूटी और चेन का हिस्सा किया जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search