छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले फिर बदला मौसम, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट; 24 सितंबर को बस्तर में भी बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भी झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है मौसम सिस्टममौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक इसी इलाके में सक्रिय रहा। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान इसके अवदाब से गहरे अवदाब में बदलने के आसार हैं। इसके बाद यह सिस्टम करीब 23 सितंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंच सकता है।
इस मौसम प्रणाली का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है और आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
इन इलाकों में हुई बारिश:पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश भैरमगढ़ में 5 सेंटीमीटर दर्ज हुई।इसके अलावा गंगालूर में 4 सेंटीमीटर, जबकि बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
22 सितंबर को कैसा रहेगा रायपुर का मौसम?
राजधानी रायपुर में मंगलवार यानी 22 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
24 सितंबर को बस्तर में बारिश के आसार:मौसम प्रणाली के प्रभाव से 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।




