भूपेश बघेल का बीजेपी पर हमला, बोले- छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला, सरकार नैतिक जिम्मेदारी ले

रायपुर – पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहती तो छात्रों से बातचीत कर समाधान निकाल सकती थी, लेकिन उसने दमन का रास्ता चुना।बघेल ने कहा कि सरकार की नीतियों का खामियाजा लाखों युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। उनका दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में 22 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है और इन मौतों की नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए।
वंदे मातरम् पर सरकार को घेरा
वंदे मातरम् को लेकर प्रस्तावित नए नियमों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि यह गीत देश के स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान वंदे मातरम् गाने वालों को अंग्रेज जेल में डाल देते थे। बघेल ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग उस समय अंग्रेजों का साथ देते थे, आज वही राष्ट्रभक्ति का प्रमाणपत्र बांट रहे हैं।
टीएस सिंहदेव की मुलाकात पर बीजेपी को जवाब
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के उनके निवास पहुंचने पर भाजपा की प्रतिक्रिया पर बघेल ने कहा कि बीजेपी अनावश्यक रूप से बेचैन है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देने के बजाय सरकार कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल पर चर्चा करती रही, क्योंकि उसके पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है।
भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि टीएस सिंहदेव उनके बेटे चैतन्य को जन्मदिन का आशीर्वाद देने आए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछले साल चैतन्य के जन्मदिन पर ईडी पहुंच गई थी, इस बार ईडी नहीं आई, बल्कि टीएस सिंहदेव आ गए और इससे भी बीजेपी परेशान हो गई।




