NMDC में बड़ा बदलाव: विवेक निशांत नाथ ने संभाला निदेशक (वाणिज्य) का पद, 30 वर्षों के अनुभव से मजबूत होगी कंपनी की कमर्शियल रणनीति

नई दिल्ली/हैदराबाद। देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी NMDC लिमिटेड में शीर्ष स्तर पर अहम नियुक्ति हुई है। विवेक निशांत नाथ ने निदेशक (वाणिज्य) [Director (Commercial)] का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस नियुक्ति को केंद्रीय इस्पात मंत्रालय ने मंजूरी दी है। वे लगभग तीन दशक से अधिक के अनुभव के साथ कंपनी के कमर्शियल संचालन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विवेक निशांत नाथ को बिक्री एवं विपणन (Sales & Marketing), अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक संचालन, खरीद (Procurement), लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है। उनका करियर सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की प्रमुख इस्पात एवं खनन कंपनियों में रहा है।
1992 में NMDC से ही शुरू किया था करियर
नाथ ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत वर्ष 1992 में NMDC से की थी। करीब 15 वर्षों तक उन्होंने कंपनी में विभिन्न वाणिज्यिक पदों पर कार्य किया और घरेलू लौह अयस्क बिक्री एवं विपणन में महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया।
इसके बाद उन्होंने Essar Steel Limited और ArcelorMittal Nippon Steel India में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2021 में वे Odisha Mining Corporation (OMC) में जनरल मैनेजर (सेल्स एंड मार्केटिंग) बने और 2024 में चीफ जनरल मैनेजर (सेल्स एंड मार्केटिंग) पद पर पदोन्नत हुए। यहां वे लौह अयस्क, क्रोम अयस्क, मैंगनीज अयस्क, बॉक्साइट, लाइमस्टोन और फेरोक्रोम की बिक्री एवं विपणन का नेतृत्व कर रहे थे।
OMC में दर्ज कराया शानदार प्रदर्शन
OMC में उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने लौह अयस्क बिक्री और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। उनके नेतृत्व में कंपनी ने ग्राहक-केंद्रित पहल, पारदर्शी मूल्य निर्धारण प्रणाली, डिजिटल कमर्शियल सिस्टम और लॉजिस्टिक्स सुधार लागू किए।
इसी का परिणाम रहा कि वित्त वर्ष 2020-21 में 12.33 मिलियन टन रही OMC की लौह अयस्क बिक्री बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 38.26 मिलियन टन तक पहुंच गई।
IIM इंदौर से भी किया मैनेजमेंट प्रोग्राम
विवेक निशांत नाथ ने भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), इंदौर से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन एवं मैनेजमेंट में मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम (MDP) भी किया है। NMDC, निजी इस्पात कंपनियों और OMC में उनके अनुभव को कंपनी की व्यावसायिक रणनीति, ग्राहक संबंधों और भविष्य की विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
100 मिलियन टन लक्ष्य को मिलेगी गति: NMDC का लक्ष्य आने वाले वर्षों में 100 मिलियन टन क्षमता वाली लौह अयस्क खनन कंपनी बनना है। कंपनी का मानना है कि विवेक निशांत नाथ का अनुभव कमर्शियल संचालन को मजबूत करेगा, ग्राहक आधार का विस्तार करेगा और इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




