इस दिन छत्तीसगढ़ आएंगी भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, दो दिन चलेगा बैठकों का दौर

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू का दौरा तय हो गया है। वे 25 अक्टूबर से दो दिनों के प्रवास पर छत्तीसगढ़ में रहेंगी। इस दौरान राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार बैठकों का दौर चलेगा। बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों, विधायकों और प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय समेत मंत्रिमंडल और संगठन के नेता होंगे शामिल
स्मृति ईरानी के दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा संगठन की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी बैठकों में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा होगी।
पुराने दिग्गज नेताओं के साथ भी होगी बैठक
बैठकों में भाजपा के वरिष्ठ और पुराने दिग्गज नेताओं को भी शामिल किया जाएगा। पार्टी के अनुभवी नेताओं से संगठन की स्थिति, आगामी चुनौतियों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित होंगी।
मिशन 2028 की तैयारियों पर रहेगा फोकस
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2028 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में स्मृति ईरानी के दौरे को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों में संगठन को मजबूत करने, पार्टी की रणनीति और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर मंथन हो सकता है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के साथ संगठनात्मक स्तर पर आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान अलग-अलग स्तर पर होने वाली बैठकों से प्रदेश भाजपा की आगे की रणनीति तय करने पर जोर रहेगा।
एयरपोर्ट पर स्वागत की तैयारी, संगठन के नेता रहेंगे मौजूद
स्मृति ईरानी के रायपुर आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों के बीच उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है। प्रदेश भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए एक जुट होंगे।




