छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में यश फैन्स का 150 करोड़ रुपये का निवेश, 3500 लोगों को मिलेगा रोजगार; CM साय ने किया भूमिपूजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नवा रायपुर के सेक्टर-22 में यश फैन्स (YASH FANS) की प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और वित्त मंत्री ओपी चौधरी मौजूद रहे। यश फैन्स इस परियोजना में करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी के पहले फेस के प्रोजेक्ट में 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल सकेगा। परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में नियुक्त किए गए अधिकारी-कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

इस परियोजना को प्रदेश में निवेश बढ़ाने, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। परियोजना के तहत इलेक्ट्रिकल फैन और अन्य औद्योगिक कलपुर्जों के निर्माण की योजना है। कंपनी के उत्पादों के माध्यम से घरेलू बाजार के साथ अन्य कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखला को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ के विकास में जुड़ी एक और नई कड़ी : मुख्यमंत्री साय

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में आज एक और नई कड़ी जुड़ रही है। यश फैन्स की परियोजना में 150 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की विशेषता यह है कि अपेक्षाकृत कम निवेश में बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होगा। उद्योगों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों को सुचारु रूप से संचालित करने और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से कई प्रावधान किए हैं। जन विश्वास अधिनियम के माध्यम से 289 ऐसे प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से हटाया गया, जिनमें सुधार की जरूरत थी। सरकार का प्रयास है कि उद्योगों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत मिले और प्रदेश में कारोबार करना आसान हो।

नई औद्योगिक नीति से निवेश को मिल रही गति : ओपी चौधरी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य में जब से प्रदेश में नई औद्योगिक नीति लागू हुई हैं तब से प्रदेश में इन्वेस्टमेंट की एक नई लहर संभव हुई है, सरकार ने उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी और अन्य रियायतों को रोजगार सृजन से जोड़ने पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि पहले सब्सिडी के लिए वित्त विभाग का बजट लगभग 200 करोड़ रुपये होता था, जिसे बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक किया गया है। इससे औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों को प्रोत्साहित करने में मदद मिल रही है।

ओपी चौधरी ने यश समूह के निवेश निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में बड़े उद्योगों के आने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश में 1 नवंबर 2024 से लागू नई औद्योगिक नीति के माध्यम से उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यश फैन्स की परियोजना से भी हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

25 साल से अधिक का अनुभव, देशभर में विनिर्माण इकाइयां

यश इंटरनेशनल इलेक्ट्रिकल फैन्स और घरेलू उपकरणों के निर्माण के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी है। कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, उसे इस उद्योग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। कंपनी का फोकस उत्पादों की गुणवत्ता, ऊर्जा दक्षता, किफायती कीमत और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप डिजाइन पर है।

कंपनी के अनुसार, उसके पास देशभर में 12 विनिर्माण इकाइयां हैं और 2,500 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। आधुनिक मशीनरी, अनुसंधान एवं विकास और गुणवत्ता जांच के माध्यम से टिकाऊ उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया जाता है। कंपनी के उत्पादों की मांग देश के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी है।

छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित नई परियोजना के जरिए कंपनी अपने विनिर्माण विस्तार को आगे बढ़ाएगी। इस निवेश से प्रदेश में इलेक्ट्रिकल उपकरणों और कलपुर्जों के निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search