ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को दवा दुकानें बंद का आव्हान

कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ ने किया समर्थन
रायपुर। Chhattisgarh Pradesh Congress Committee के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को प्रस्तावित दवा दुकान बंद के आह्वान का समर्थन किया है। इस संबंध में चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने जिला दवा विक्रेता संघ रायपुर को पत्र जारी कर स्थानीय दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए समर्थन जताया है।
पत्र में कहा गया है कि ऑनलाइन दवा कंपनियों के बढ़ते प्रभाव के कारण स्थानीय छोटे एवं मंझोले दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट गहराता जा रहा है। इससे स्थानीय बाजार और रोजगार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ ने कहा कि ऑनलाइन बिक्री के चलते पारंपरिक दवा दुकानों का व्यापार लगातार प्रभावित हो रहा है, जिससे हजारों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
डॉ. गुप्ता ने दवाओं की ऑनलाइन बिक्री को जनस्वास्थ्य के लिए भी चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि दवाएं अत्यंत संवेदनशील वस्तु हैं और उनकी ऑनलाइन बिक्री में गुणवत्ता, नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी होने की आशंका बनी रहती है। इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बड़ी ऑनलाइन और विदेशी कंपनियां भारी छूट देकर स्थानीय व्यापार को खत्म करने का प्रयास कर रही हैं। इससे भविष्य में स्थानीय दवा व्यवसाय पूरी तरह प्रभावित हो सकता है और बाजार कुछ बड़ी कंपनियों के नियंत्रण में जा सकता है।
चिकित्सा प्रकोष्ठ ने कहा कि दवा विक्रेताओं का यह आंदोलन केवल व्यापारियों का संघर्ष नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की आवाज है जो ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा के दुष्परिणामों से प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय व्यापारियों के हितों और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उचित नीतिगत निर्णय लिए जाएं।


