Chhattisgarh Investor Connect: हैदराबाद में आज होगा छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट, CM साय निवेशकों को देंगे ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ लेटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से आज हैदराबाद में छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। राज्य सरकार निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं, नई औद्योगिक नीति, बुनियादी सुविधाओं और निवेश-अनुकूल वातावरण की जानकारी देगी।
इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को “इन्विटेशन टू इन्वेस्ट लेटर” भी प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आकर्षित करना और नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देना है।
सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजनों से राज्य में नए निवेश प्रस्ताव आएंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ संभावित निवेश अवसरों पर चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद आज रात करीब 8 बजे रायपुर लौटेंगे।



