Congress Training Camp: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला-शहर अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी देंगे मार्गदर्शन

21 से 30 जून तक अभनपुर में होगा शिविर
रायपुर।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने छत्तीसगढ़ के सभी जिला और शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने पत्र जारी कर पार्टी पदाधिकारियों को प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से 30 जून 2026 तक छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आशुतोष अलका अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़, अभनपुर छत्तीसगढ़ में किया जाएगा।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों ने 10 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया था। अब उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में विस्तृत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष Mallikarjun Kharge और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के मार्गदर्शन का भी उल्लेख पत्र में किया गया है। पत्र के अनुसार राहुल गांधी ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अपनी सहमति दी है और शिविर के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने का आग्रह किया है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता, AICC सचिवों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी शिविर में अधिकतम समय देने तथा कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर प्रदेश कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




