शहर की सफाई देखने सुबह निकलेंगे अधिकारी, हफ्ते में 3 दिन सुबह 7 बजे से फील्ड में करेंगे निगरानी, इन 14 अफसरों की लगी ड्यूटी

रायपुर। राजधानी की सफाई व्यवस्था और निगम के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखने अब अधिकारी सुबह-सुबह फील्ड में नजर आएंगे। नगर निगम ने मुख्यालय में पदस्थ 14 अधिकारियों की प्रातः भ्रमण के लिए ड्यूटी लगाई है।
अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन सुबह 7 बजे वार्डों का भ्रमण करना होगा। इस दौरान वे सफाई व्यवस्था, निगम की योजनाओं और निर्माण कार्यों का मौके पर निरीक्षण करेंगे।
खास बात यह है कि हर अधिकारी को हर महीने निगम के सभी 10 जोन का भ्रमण करना अनिवार्य किया गया है। निरीक्षण के बाद महीने के अंत में आयुक्त के समक्ष रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी होगी।
मैदानी निगरानी को पुख्ता करने के लिए निरीक्षण के दौरान ली गई तस्वीरें निगम के फील्ड रिपोर्टिंग व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करनी होंगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
निरीक्षण की तस्वीरें भी होंगी साझा
मैदानी निरीक्षण की मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को भ्रमण के दौरान ली गई तस्वीरें ‘रायपुर डिस्ट्रिक्ट अर्बन बॉडीज फील्ड रिपोर्टिंग’ व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके जरिए वार्डों में सफाई व्यवस्था और निर्माण कार्यों की स्थिति पर नियमित नजर रखी जाएगी।
इन 14 अधिकारियों की लगी ड्यूटी
प्रातः भ्रमण के लिए अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा और विनोद पाण्डेय, प्रभारी मुख्य अभियंता संजय बागड़े और प्रदीप यादव, प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर और मो. इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, उपायुक्त जागृति साहू और डॉ. अंजलि शर्मा, निगम सचिव संगीता साहू, प्रभारी कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, पदमाकर श्रीवास और अंशुल शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।




