छत्तीसगढ़

राज्योत्सव 2026: वन विभाग ने मारी बाजी, प्रदर्शनी में BSNL और रेलवे भी रहे अव्वल, जानिए किसे मिला कौन सा पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आयोजित भव्य प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शासकीय विभागों और सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रमों को पुरस्कृत किया गया है। शासकीय विभागों की श्रेणी में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग दूसरे और आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग तीसरे स्थान पर रहा। वहीं सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रमों की श्रेणी में BSNL ने बाजी मारी।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

वन विभाग की प्रदर्शनी को मिला प्रथम पुरस्कार

शासकीय विभागों की श्रेणी में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। विभाग की प्रदर्शनी की थीम ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ रही। इसमें नक्सलवाद से मुक्त होते बस्तर की भय से विश्वास तक की यात्रा और विकास की नई तस्वीर को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में कांगेर घाटी सफारी, तुंगल बांध, देवगुड़ी, धुरवा होमस्टे, प्रदेश के पहले रामसर स्थल कोपरा जलाशय और काले हिरण की वापसी जैसी उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया। इसके साथ ही वनांचल की महिलाओं और युवाओं को इको-टूरिज्म एवं वनोपज के माध्यम से आत्मनिर्भर बनते हुए दिखाया गया।

पंचायत विभाग दूसरे और आदिम जाति विभाग तीसरे स्थान पर

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को द्वितीय पुरस्कार मिला। विभाग के स्टॉल में वीबी-जी राम जी, बिहान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

वहीं आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विभाग की प्रदर्शनी में देवगुड़ी संरक्षण एवं विकास योजना, बैगा-पुजारी सम्मान निधि, मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति ग्राम अखड़ा विकास योजना, आदि सेवा केंद्र, प्रयास आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग को उत्कृष्ट, सड़क एवं परिवहन विभाग को विशेष पुरस्कार

कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग को उत्कृष्ट पुरस्कार प्रदान किया गया। विभाग ने अपनी प्रदर्शनी में दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने, समन्वित कृषि प्रणाली, आत्मनिर्भर दलहन मिशन, राष्ट्रीय तिलहन मिशन और प्राकृतिक खेती की तकनीकों को प्रदर्शित किया। वहीं सड़क एवं परिवहन विभाग को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

BSNL को पहला, रेलवे को दूसरा और BALCO को तीसरा पुरस्कार

सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रमों की श्रेणी में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) को द्वितीय और भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

BSNL की प्रदर्शनी में दूरसंचार क्षेत्र की योजनाओं और सेवाओं को प्रदर्शित किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रदर्शनी ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित रही। वहीं BALCO ने राज्य के विकास में महिला सशक्तिकरण के योगदान को अपनी प्रदर्शनी का विषय बनाया।

राज्योत्सव की प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों और संस्थानों ने अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश में हो रहे बदलाव और विकास की तस्वीर लोगों के सामने रखी गई।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search