BSP टाउनशिप के हजारों परिवारों को बड़ी राहत, आवास किराए में 75% तक की कटौती

रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से करीब 3,946 आवासधारियों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन ने 2 नवंबर 2026 को संशोधित आदेश जारी किया है। खास बात यह है कि रिटेंशन श्रेणी के आवासों के किराए में 75 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। वहीं, थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासधारियों को भी 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।
500 वर्गफीट के मकान पर अब 3 हजार रुपए किराया
नई किराया दर लागू होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। पहले रिटेंशन श्रेणी के आवासों के लिए 24 रुपए प्रति वर्गफीट किराया निर्धारित था, जिसे अब घटाकर 6 रुपए कर दिया गया है।
उदाहरण के तौर पर 500 वर्गफीट के आवास का किराया पहले 12,000 रुपए प्रतिमाह था, जो अब घटकर 3,000 रुपए रह जाएगा। यानी हर महीने 9,000 रुपए और सालाना 1 लाख 8 हजार रुपए की बचत होगी।
3,946 आवासधारियों को मिलेगा लाभ
संशोधित किराया व्यवस्था से कुल 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है। इनमें रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवास शामिल हैं।
थर्ड पार्टी श्रेणी में पहले 8 रुपए प्रति वर्गफीट किराया लिया जा रहा था, जिसे घटाकर 6 रुपए कर दिया गया है। इससे इस श्रेणी के आवासधारियों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री से मिले सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के पदाधिकारी
इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बीएसपी के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की पहल से लिया गया यह निर्णय भिलाई टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक राहत के रूप में देखा जा रहा है।




