
रायपुर। राजधानी रायपुर के ISBT में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बस स्टैंड परिसर में खड़ी कई यात्री बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी चपेट में आकर कुल 5 बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद पूरे ISBT क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
देर रात लगी आग, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग देर रात लगी, जब अधिकांश बसें पार्किंग एरिया में खड़ी थीं। अचानक एक बस से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। पास में खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार दूर से ही दिखाई देने लगे।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू: घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग 5 बसों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
बस संचालकों में हड़कंप
आगजनी की इस घटना से बस संचालकों और कर्मचारियों में भारी हड़कंप मच गया। कई बस संचालकों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। घटना के बाद बस स्टैंड पर मौजूद अन्य बसों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया।
शरारती तत्वों पर संदेह: प्रारंभिक जांच में आगजनी की इस घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई हो। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और ISBT परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आसपास के लोगों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और दोषियों की पहचान के बाद सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।




