Raipur Road Accident: स्कूल जाते समय भाई-बहन पुलिस वाहन की चपेट में आए, 14 वर्षीय छात्र की मौत, बहन गंभीर

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्कूली छात्र 14 वर्षीय अंश अठवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 10 वर्षीय बहन नविशा गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा छत्तीसगढ़ क्लब के गेट के पास उस समय हुआ, जब दोनों भाई-बहन स्कूल जा रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नविशा और उसका बड़ा भाई अंश अठवानी स्कॉलर इंग्लिश स्कूल के छात्र थे। दोनों आज सुबह एक्टिवा से स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान गाड़ियों को टो करने पहुंचे पुलिस वाहन की चपेट में वे आ गए।
हादसे में अंश का सिर पुलिस वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं नविशा के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।रोज ऑटो से जाते थे स्कूल, आज बदला सफरस्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चे रोज़ाना ऑटो से स्कूल जाया करते थे, लेकिन आज किसी कारणवश एक्टिवा से निकले, और दुर्भाग्यवश यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नाबालिग वाहन चलाने पर फिर छिड़ी बहसइस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नाबालिगों को वाहन चलाने देने और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर बहस तेज कर दी है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या बच्चों की सुरक्षा को लेकर समाज और व्यवस्था पर्याप्त सतर्क है?फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




