
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता से सीधा संपर्क बढ़ाने पर जोर, सोशल मीडिया के साथ जमीनी जुड़ाव को बताया जरूरी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी की बैठकों में संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह दो दिवसीय चिंतन आत्ममंथन करने, प्राथमिकताएं तय करने और उस संकल्प को दोहराने का अवसर है, जिसने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने तक दिशा दी है।
फिर छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प
स्मृति ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर गहरा विश्वास जताया है, जो बड़ी जिम्मेदारी लेकर आया है। आगामी समय में इस भरोसे को बनाए रखने के साथ संगठन का विस्तार प्रत्येक बूथ तक करना होगा।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जितना सुंदर है, उतने ही सुंदर और सुशील यहां के कार्यकर्ता हैं। सभी के पराक्रम और परिश्रम से प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने इसे पार्टी का सामूहिक संकल्प बताया।
स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मयोगी है और उसके कर्मयोग से ही संगठन मजबूत होता है। पार्टी की विचारधारा राष्ट्र प्रथम, एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना पर आधारित है, जिसमें अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान सफलता का पैमाना है।
उन्होंने संगठन में अनुशासन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पद और दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता सदैव स्थायी होता है। सार्वजनिक जीवन में कार्यकर्ताओं के आचरण से भाजपा की विचारधारा की पहचान बनती है। उन्होंने सादगी को सार्वजनिक जीवन का स्थायी आभूषण बताया।
सोशल मीडिया के साथ जनता से सीधा संपर्क जरूरी
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज तकनीक का युग है और सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन यह जमीनी संपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, पारा-टोला और बस्तर से लेकर सरगुजा तक लोगों से सघन संपर्क करना होगा।
उन्होंने कहा कि आमजन के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होना, उनकी समस्याएं सुनना और समाधान तक पहुंचाना कार्यकर्ता का सच्चा धर्म है। जब कार्यकर्ता बिना किसी औपचारिकता के सादगी से जनता के बीच बैठता है, तब संगठन एक परिवार बन जाता है।
करीब 12 श्रेणियों की बैठकों में बनी रणनीति
इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने दो दिवसीय बैठकों के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि स्मृति ईरानी के प्रवास के दौरान पार्टी को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है। संगठन की दृष्टि से ये बैठकें अहम रहीं, जिनमें पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने विभिन्न सत्रों में लगभग 12 श्रेणियों की बैठकें लीं। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा हुई।




