छत्तीसगढ़

वरिष्ठ IAS अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, मुंबई में संभालेंगे ज्वॉइंट टेक्सटाइल कमिश्नर का पद

रायपुर – छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे को केंद्र सरकार ने प्रतिनियुक्ति पर एक अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें ज्वॉइंट टेक्सटाइल कमिश्नर, मुंबई के पद पर नियुक्त किया गया है। फिलहाल वे राजनांदगांव कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और सितंबर माह के अंत तक कार्यमुक्त होकर नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब डॉ. भुरे केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय (Ministry of Textiles) के अधीन कार्य करेंगे। इस संबंध में एडिशनल टेक्सटाइल कमिश्नर अजय पंडित ने छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर उनकी नियुक्ति की जानकारी दी और शीघ्र कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है। डॉ. भुरे का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा, जिसे आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर दो वर्ष और बढ़ाया जा सकता है। केंद्र ने उनकी नियुक्ति प्रशासनिक अनुभव और दक्षता को देखते हुए की है।

राजनांदगांव कलेक्टर रहते हुए डॉ. भुरे ने जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और लोककल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। जलग्रहण मिशन जैसे अभियानों के सफल संचालन से उनकी कार्यशैली की व्यापक सराहना हुई है। 2011 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. भुरे मूलतः महाराष्ट्र के निवासी हैं। इससे पहले वे मुंगेली, दुर्ग और रायपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं। उनकी कार्यकुशलता, स्पष्ट दृष्टिकोण और जनहितकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण वे छत्तीसगढ़ प्रशासन में एक भरोसेमंद चेहरा माने जाते हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button