शिवराज सिंह चौहान की माताजी का निधन, रायपुर दौरा स्थगित; कल पदयात्रा में होना था शामिल

रायपुर। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनके निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मातृ शोक के चलते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का रायपुर दौरा स्थगित हो गया है।
शिवराज सिंह चौहान आज शाम राजधानी रायपुर पहुंचने वाले थे। उन्हें शनिवार को भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होना था। लेकिन माताजी के निधन के कारण उनका छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है।
सीएम विष्णुदेव साय ने व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं शिवराज सिंह चौहान एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।




