छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी पर आज बड़ा फैसला! CM साय की अध्यक्षता में होगी अहम बैठक

2018-19 से लंबित प्रक्रिया अंतिम चरण में, 156 पात्र खिलाड़ियों को मिल सकती है सरकारी नौकरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पदक विजेता एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की अध्यक्षता में आज खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे सीएम आवास सिविल लाइन में होगी, इस बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की वर्षों से लंबित प्रक्रिया पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018-19 से लंबित इस प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बैठक में पात्र खिलाड़ियों की नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है। इसके बाद सरकार खेल दिवस से पहले या उसी अवसर पर इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकती है।

इससे पहले 20 जून को विभागीय समिति की पहली बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें लंबित आवेदनों और पात्रता की समीक्षा की गई थी। उल्लेखनीय है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की अंतिम सूची वर्ष 2014 में जारी की गई थी, जिसके बाद यह प्रक्रिया लंबे समय तक अटकी रही।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के दौरान कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। विस्तृत जांच और पात्रता परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया है।

राज्य शासन विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत पद आरक्षित रखता है। ऐसे में आज की बैठक के फैसले के बाद लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search