रायपुर एयरपोर्ट में फॉल्स सीलिंग से गिरकर श्रमिक की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित Swami Vivekananda Airport में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय कुबेर साहू के रूप में हुई है, जो एयरपोर्ट में इलेक्ट्रिकल ठेकेदार के तहत काम करता था। बताया जा रहा है कि वह रोजाना जामगांव से रायपुर आकर काम करता था।
जानकारी के मुताबिक कुबेर साहू एयरपोर्ट भवन में खराब हुई लाइटों को सुधारने के लिए फॉल सीलिंग पर चढ़ा था। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊपर से सीधे फर्स्ट फ्लोर पर सिर के बल गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डॉक्टरों को सूचना दी, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच कर रही है।




