
जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है : सीएम साय
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जनजाति गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुण्डा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, मंत्री रामविचार नेताम, और आदिवासी नेता विकास मरकाम ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान दिशा पर अपने विचार साझा किए।

सीएम विष्णुदेव ने कहा जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के सम्मान में 15 नवम्बर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। उन्होंने कहा जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, संघर्ष और त्याग से भरा है। शहीद वीर नारायण सिंह, गुण्डाधूर, गैंदसिंह जैसे नायकों ने देश की आज़ादी और समाज के स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। हमें गर्व है कि छत्तीसगढ़ की यह परंपरा आज भी जीवित है। सीएम ने कहा कि इस वर्ष भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती पूरे राज्य में भव्य रूप से मनाई जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा भगवान बिरसा मुण्डा का शौर्य जीवन में साहस की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने शोषण मुक्त समाज का सपना देखा था और उनका जीवन आज भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिरसा मुण्डा के विचारों के अनुरूप प्रधानमंत्री जनमन योजना प्रारंभ की है, जिससे विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में समृद्धि लाई जा रही है।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा भगवान बिरसा मुण्डा देश के ऐसे नायक थे जिन्होंने आदिवासी समाज की दिशा और दशा दोनों बदल दी। केवल 25 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों से संघर्ष करते हुए शहीद हुए, लेकिन आदिवासी समाज को स्वाभिमान के साथ जीना सिखा गए।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद महेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, विधायक प्रबोध मिंज, पूर्व विधायक सुनीति राठिया एवं सुमित्रा मारकोले सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





