
बिलासपुर – छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव का नाम चर्चा में है। बिलासपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया। सिंहदेव ने कहा – मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है। मुख्यमंत्री आप नहीं बनना चाहते ऐसा कौन कहेगा?
उन्होंने स्वीकार किया कि पहले भी उनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चला था और ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर मीडिया में वे लगातार चर्चा में रहे थे।
उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव और नेतृत्व को लेकर अंदरखाने में चर्चा तेज है।
ढाई-ढाई साल के फार्मूले से जुड़ा रहा नाम
गौरतलब है कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई साल के फार्मूले की खूब चर्चा रही थी। हालांकि सिंहदेव ने हमेशा पार्टी लाइन का पालन करने की बात कही है। इस बार भी उन्होंने कहा है कि “अंतिम निर्णय पार्टी का ही होगा।”




