पीएम जनमन सड़क में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: सहायक अभियंता और उप अभियंता निलंबित, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर राज्य स्तरीय जांच में सामने आई मॉनिटरिंग की कमी, क्षतिग्रस्त सड़क दोबारा बनाने और ओवरलोड वाहनों पर रोक के निर्देश
रायपुर। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित दलदली मेन रोड (खारिया से अगरी) के धंसने के मामले में राज्य सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर हुई राज्य स्तरीय जांच के बाद निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तथा कार्यपालन अभियंता के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क की कोर कटिंग कराई और विभिन्न तकनीकी मानकों पर जांच कराई। जांच में सामने आया कि सड़क की संरचना अधिकांश तकनीकी मानकों पर संतोषजनक थी, लेकिन क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले वाहनों के संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियों के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई।
जांच में यह भी पाया गया कि जिस सड़क पर केवल 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के संचालन की अनुमति है, वहां 60 से 70 टन तक भार वाले रेत परिवहन वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा था। इसके अलावा सड़क के शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित 100 प्रतिशत मानक से कम पाया गया और पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग भी मानकों के अनुरूप नहीं की गई थी। बारिश के दौरान पानी शोल्डर से होकर सड़क की निचली परत तक पहुंचने से सड़क का अंदरूनी हिस्सा कमजोर हो गया और सड़क धंस गई।
सचिव श्री सिंह ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने तथा पूरी सड़क के शोल्डर का सुधार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पीएम जनमन योजना की सड़कों पर ओवरलोड और भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने तथा परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



