Atal Bihari Vajpayee Jayanti: CM विष्णु देव साय ने किया नमन

सरकार जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मना रही
रायपुर। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को मनाए जाने वाले सुशासन दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है। वे केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और जनकल्याण को सर्वोपरि रखने वाले प्रधानमंत्री थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा प्राप्त की। “अंत्योदय” के सिद्धांत पर आधारित उनकी सोच—समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की भावना आज भी शासन और प्रशासन की नीतियों का मूल आधार है।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार अटल जी के विचारों से प्रेरित होकर जन-केंद्रित सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाएं और जनता के विश्वास की पुनर्स्थापना ये सभी प्रयास अटल जी के आदर्शों का ही विस्तार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और जवाबदेह शासन देने का संकल्प दिवस है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करें तथा राष्ट्र और प्रदेश के समावेशी विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।




