छत्तीसगढ़ में ‘गोदान’ फिल्म होगी टैक्स फ्री,सीएम साय ने ट्रेलर लॉन्चिग पर किया ऐलान, 6 फरवरी को होगी रिलीज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गौमाता के सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक महत्व को केंद्र में रखकर निर्मित फिल्म गोदान आगामी 6 फरवरी को प्रदेशभर में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के ट्रेलर का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस दौरान सीएम ने फिल्म के टैक्स फ्री होने का ऐलान भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा हैं। ‘गोदान’ जैसी फिल्में समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम बनती हैं। उन्होंने फिल्म निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों और तकनीकी टीम को शुभकामनाएँ दीं।
ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी अजीत महापात्र भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने फिल्म की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि गौमाता के संरक्षण और उनके महत्व को जन-जन तक पहुँचाने में यह फिल्म महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
फिल्म ‘गोदान’ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, ग्रामीण जीवन और पारंपरिक मूल्यों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है। फिल्म के माध्यम से गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे संदेशों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है।
फिल्म प्रेमियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े दर्शकों में ‘गोदान’ को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, वहीं रिलीज से पहले ही यह फिल्म प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है।




