Knife Attack: भेल खाने गए कांग्रेस नेता के बेटे पर चाकू से जानलेवा हमला, एक की हालत गंभीर

बिलासपुर। शहर में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब भेल खाने गए कांग्रेस नेता के बेटे और उसके दोस्तों पर चार युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत लखीराम ऑडिटोरियम के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास (धारा 307) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास का बेटा आदित्य श्रीवास शुक्रवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ लखीराम ऑडिटोरियम के पास भेल खाने गया था। उसी समय वहां पहले से युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता, निखिल नागवानी और उनका एक अन्य साथी मौजूद थे। आरोप है कि युग और वेदांत ने आदित्य और उसके दोस्तों को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों में से एक युवक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में आदित्य श्रीवास और उसके दोनों दोस्तों को चोटें आईं। बताया जा रहा है कि आदित्य का शर्ट पूरी तरह खून से सना हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तत्काल किम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आदित्य और उसके दोस्तों का युग और वेदांत गुट से पहले भी विवाद हो चुका है। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच पहले कोनी क्षेत्र में और फिर कुछ दिन बाद राजेंद्र चौक पर झगड़ा हुआ था। दोनों ही मामलों में विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक सीमित रहा था, लेकिन इस बार मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।




