वेदांता प्लांट हादसा: सरकार ने बैठाई उच्च स्तरीय जांच, 30 दिन में रिपोर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने सक्ती जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर लिमिटेड में हुए भीषण हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य सरकार ने इस गंभीर घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए बिलासपुर संभाग के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के ज्वाइंट में तकनीकी खराबी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में कई श्रमिकों की दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि अनेक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सरकार द्वारा गठित जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि घटना किन परिस्थितियों में और कैसे हुई। साथ ही, तकनीकी खामियों, सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही की भी विस्तृत जांच की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे।
जारी आदेश के अनुसार, जांच अधिकारी को 30 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत करनी होगी।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



