शिक्षा से कौशल, कौशल से रोजगार; CM साय बोले- युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने सरकार प्रतिबद्ध

दो दिवसीय रोजगार मेले में 95 कंपनियां पहुंचीं, 12,700 नौकरियों के अवसर लेकर आईं कंपनियां; 5 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और उन्हें शिक्षा, कौशल एवं रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार बनने के बाद प्रदेश में अब तक 925 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से 25 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।
रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले के समापन अवसर को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों की 95 कंपनियों ने हिस्सा लिया। ये कंपनियां करीब 12,700 रोजगार के अवसर लेकर पहुंची थीं। मेले के माध्यम से 5 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई।
युवाओं को बेहतर शिक्षा और कौशल देने पर जोर
सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अब राष्ट्रीय स्तर की कई शिक्षण संस्थाएं आ चुकी हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए दिल्ली में संचालित हॉस्टल की क्षमता भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के हॉस्टल में पहले 80 सीटें थीं, जिन्हें बढ़ाकर अब 200 सीटें कर दिया गया है। वहीं नालंदा परिसर में युवाओं को अध्ययन सामग्री के साथ बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार तक की पूरी कड़ी को मजबूत किया जाए।
30 हजार बेरोजगार युवाओं ने कराया पंजीयन
विभागीय मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि रोजगार मेले में 95 नियोजक संस्थानों ने भाग लिया। मेले में 30 हजार बेरोजगार युवाओं ने पंजीयन कराया। उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से युवा आसानी से पंजीयन कर सकते हैं। विभाग की ओर से युवाओं को कैरियर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर चुन सकें।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पॉलीटेक्निक कॉलेजों की रैंकिंग की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसका लाभ युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा और कौशल के रूप में मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज हुए विभिन्न एमओयू का उद्देश्य भविष्य में स्किलिंग को रोजगार से जोड़ना है। सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर लगातार काम कर रही है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव बसव राजू ने बताया कि राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 95 कंपनियों के स्टॉल लगाए गए। करीब 5 हजार युवाओं को विभिन्न ट्रेड में रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था, जो लक्ष्य के करीब पहुंच गया है। करीब 1000 युवाओं को ऑफर लेटर भी दिए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि TCS, नांदी फाउंडेशन और प्रोबोनो जैसी संस्थाओं के साथ एमओयू किया गया है। इन संस्थाओं के सहयोग से युवाओं को स्किल ट्रेनिंग और रोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। बसव राजू ने कहा कि ITI और पॉलीटेक्निक संस्थानों में नए-नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सके।




