एक्शन में डिप्टी CM अरुण साव: बोले- AC कमरे वाले अधिकारी चेत जाएं, सुशासन में लापरवाही की जगह नहीं

सरगुजा में निर्माणाधीन सड़क और महानदी ब्रिज का औचक निरीक्षण, खेल मैदान में अव्यवस्था पर भी अधिकारियों को लगाई फटकार
अंबिकापुर। सरगुजा प्रवास के दौरान डिप्टी CM अरुण साव ने विकास कार्यों और खेल आयोजन में लापरवाही को लेकर अधिकारियों पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क, महानदी ब्रिज और सरगुजा ओलंपिक के खेल मैदान का औचक निरीक्षण किया और मौके पर ही अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन सड़क में नाली नहीं बनने पर नाराजगी
डिप्टी CM साव ने घाघरी रोड, अंबिकापुर के पास निर्माणाधीन सड़क का सांसद चिंतामणि महाराज के साथ औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जानकारी ली गई। बताया गया कि यह सड़क आवासीय विद्यालय तक पहुंच मार्ग के रूप में बनाई जा रही है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सड़क निर्माण से पहले नाली का निर्माण नहीं किया गया है। इस पर डिप्टी CM साव ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से काम करने तथा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महानदी ब्रिज पर सड़क की स्थिति तत्काल सुधारने के निर्देश
सरगुजा प्रवास के दौरान प्रतापपुर-अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग पर महानदी ब्रिज का भी औचक निरीक्षण किया गया। ब्रिज पर सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। डिप्टी CM साव ने अधिकारियों को कड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि उन्हें मैदान में उतरकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि “सरगुजा के AC कमरे वाले अधिकारी चेत जाएं।”
सरगुजा ओलंपिक में अव्यवस्था पर भी फटकार
प्रतापपुर में आयोजित विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में भी व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। खेल मैदान मानक के अनुरूप तैयार नहीं होने और मैदान में पत्थर पड़े होने पर डिप्टी सीएम साव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “खेल को खेल जैसा कराइये, मजाक मत बनाइये।”
डिप्टी सीएम साव ने सवाल उठाया कि जब मैदान में पत्थर पड़े हैं तो ऐसे मैदान में स्कूली खिलाड़ियों को कैसे खिलाया जा सकता है। उन्होंने सरगुजा ओलंपिक को हल्के में लेने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खेल आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि “विष्णु के सुशासन में ऐसी लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है।” डिप्टी सीएम साव के औचक निरीक्षण और सख्त तेवर के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों और खेल आयोजन की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।



