टिकट के लिए सौदेबाजी ही कांग्रेस का असली ‘हाथ’ और असली चरित्र : केदार कश्यप

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं सहकारिता मंत्री Kedar Kashyap ने हरियाणा महिला कांग्रेस की एक पदाधिकारी और उनके पति के वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली और राजनीतिक चरित्र को उजागर कर दिया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस में योग्यता और निष्ठा की कोई कीमत नहीं है, बल्कि वहां टिकटों की सौदेबाजी होती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का ‘मोहब्बत की दुकान’ का नारा दरअसल ‘टिकट की दुकान’ में बदल गया है। हरियाणा में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी के वायरल वीडियो ने पार्टी की असली कार्यसंस्कृति को सामने ला दिया है।
उन्होंने कहा कि यह मामला कोई अपवाद नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा है। अगर पार्टी की पदाधिकारी ही टिकट के बदले लेन-देन की बात सार्वजनिक रूप से कर रही हैं, तो इससे साफ समझा जा सकता है कि शीर्ष नेतृत्व किस तरह की राजनीति कर रहा है।
कश्यप ने कहा कि यह स्थिति केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने ही नेतृत्व पर टिकट बेचने के आरोप लगाए थे।
वन मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव के समय छत्तीसगढ़ में कई दावेदारों ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि जमीनी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर केवल पैसे वालों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि जब पार्टी का नेतृत्व ही वसूली में लगा हो, तो जनता के विकास की बात करना बेमानी हो जाता है।
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीति को व्यापार बना दिया है। जो उम्मीदवार लाखों-करोड़ों रुपये देकर टिकट लेगा, वह चुनाव जीतने के बाद जनता की सेवा करेगा या अपने निवेश की वसूली करेगा, यह बड़ा सवाल है।उन्होंने कहा कि हरियाणा का यह वीडियो उस व्यवस्था का एक और उदाहरण है, जिसे कांग्रेस देशभर में चला रही है। छत्तीसगढ़ की जनता ने तो उन्हें नकार दिया है, अब अन्य राज्यों की जनता भी कांग्रेस की सच्चाई समझ रही है।



