लोगों की समस्याओं का गंभीरतापूर्वक विचार कर त्वरित निराकरण करें – मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

बलौदा बाजार के वटगन में सीसी रोड एवं कॉलेज में बाउंड्रीवाल निर्माण की स्वीकृति
रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बलौदाबाजार जिले के विकासखंड पलारी स्थित ग्राम पंचायत वटगन में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री जायसवाल ने ग्राम पंचायत वटगन में सीसी रोड निर्माण तथा कॉलेज में बाउंड्रीवाल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि सुशासन तिहार ऐसा अभियान है, जिसमें शासन और प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं पूरे प्रदेश का दौरा कर लोगों से संवाद कर रहे हैं और योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपनी कार्यशैली में जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए तत्काल निराकरण किया जाए तथा जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनका 15 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं तथा चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
राजस्व मामलों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मंत्री श्री जायसवाल ने राजस्व संबंधी मामलों जैसे त्रुटि सुधार, बंटवारा और नामांतरण के आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि कोई भी राजस्व आवेदन 15 दिनों से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।




