NEET EXAM 2026: NTA के डीजी अभिषेक सिंह का बड़ा बयान, 7 से 10 दिनों में परीक्षा की नई तारीख का होगा ऐलान

दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डीजी अभिषेक सिंह ने परीक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी 7 से 10 दिनों के भीतर परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी जाएगी।
डीजी अभिषेक सिंह ने स्पष्ट कहा कि पर्चा लीक मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
क्यों रद्द की गई NEET-UG 2026 परीक्षा? जानिए पूरा मामला
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। यह फैसला देशभर के करीब 22.79 लाख छात्रों को प्रभावित करता है।
कैसे शुरू हुआ विवाद? : परीक्षा के कुछ दिन पहले राजस्थान और अन्य राज्यों में एक तथाकथित “गेस पेपर” वायरल हुआ था। जांच में सामने आया कि उस गेस पेपर के 100 से अधिक सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खाते थे।
NTA को कब मिली जानकारी?: NTA के डीजी अभिषेक सिंह के अनुसार 7 मई की रात एक व्हिसलब्लोअर से एजेंसी को सूचना मिली कि परीक्षा से पहले कुछ लोगों के मोबाइल में वही सवाल मौजूद थे, जो असली पेपर में आए। जांच में पाया गया कि 1 और 2 मई को PDF फॉर्म में प्रश्नपत्र कुछ लोगों तक पहुंच चुका था।
किन राज्यों से जुड़े तार?: जांच की शुरुआत राजस्थान से हुई, लेकिन बाद में उत्तराखंड और महाराष्ट्र कनेक्शन भी सामने आया। राजस्थान SOG ने 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। महाराष्ट्र के नासिक से भी एक आरोपी को पकड़ा गया।
सरकार और NTA ने क्या कहा?: NTA ने कहा कि “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जा सकता। इसी कारण परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का निर्णय लिया गया। मामला अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया गया है।




