BIG NEWS: रायपुर IPL मैच की टिकट में बड़ी गड़बड़ी, तारीख सही लेकिन दिन और साल गलत

रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को होने वाले IPL मुकाबले को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। कल होने वाले Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के मुकाबले के लिए RCB मैनेजमेंट की ओर से बांटी गई कॉम्प्लिमेंट्री टिकटों में गंभीर तकनीकी खामी पाई गई है।

टिकट में मुकाबला “RCB VS KKR”, वेन्यू और तारीख तो सही प्रिंट की गई है, लेकिन दिन बुधवार की जगह मंगलवार लिखा गया है। इतना ही नहीं, टिकट में वर्ष 2026 की जगह 2025 अंकित है। इस गड़बड़ी के बाद टिकट पाने वाले दर्शकों में भ्रम और नाराजगी की स्थिति बन गई है। कई लोग इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि आखिर उन्हें स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा या नहीं।
इस मामले में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से जुड़े एक पदाधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि तकनीकी खामी के कारण यह गलती हुई है। उन्होंने दावा किया कि टिकट पर मौजूद बारकोड को स्कैन कर दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा और किसी को परेशानी नहीं होगी। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर आयोजन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपए के आयोजन में इस तरह की बुनियादी चूक क्रिकेट प्रेमियों को परेशान कर रही है।
अव्यवस्थाओं पर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
10 मई को हुए Royal Challengers Bengaluru बनाम Mumbai Indians मुकाबले के दौरान भी स्टेडियम में अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला था। दर्शकों ने खाने-पीने की वस्तुओं में जमकर मुनाफाखोरी का आरोप लगाया था। 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए तक में बेची गई। वहीं समोसा, पिज्जा और अन्य खाद्य सामग्री भी कई गुना ज्यादा कीमत पर उपलब्ध कराई गई। मैच देखने पहुंचे लोगों ने व्यवस्थाओं और महंगे खानपान को लेकर नाराजगी जताई थी। अब टिकट गड़बड़ी के नए मामले ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की तैयारियों और प्रबंधन पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




