CM साय का बड़ा ऐलान, सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बदलेंगे EV में

रायपुर। सीएम Vishnu Deo Sai ने ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के राष्ट्रहित में ईंधन बचत के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना सभी का राष्ट्रीय दायित्व है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए ठोस पहल कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उनके आधिकारिक दौरों में केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रीगणों और निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया गया है।
उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार सभी शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में बदलने की दिशा में कार्रवाई शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ईंधन की बचत, प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और ईंधन बचत को जन-आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी चाहिए।




