छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, बीजेपी प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान आया अटैक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। वे भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रूपनारायण सिन्हा को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया। उनकी स्थिति गंभीर होते देख तत्काल उन्हें सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। काफी देर तक चिकित्सकों द्वारा उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
घटना की खबर सामने आते ही भाजपा संगठन सहित प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर फैल गई।बताया जा रहा है कि रूपनारायण सिन्हा पार्टी के प्रशिक्षण महाअभियान में प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद नेता और कार्यकर्ता स्तब्ध रह गए। अस्पताल पहुंचने के बाद कई भाजपा नेता और समर्थक वहां एकत्र हो गए।
रूपनारायण सिन्हा को छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पद के साथ कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनके निधन को भाजपा और प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। पार्टी नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।




