
रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के दौरान एक बार फिर नेताजी और पुलिस विवाद का मामला सामने आया है। वीआईपी तिराहे के पास चल रही चेकिंग के दौरान शराब पीकर कार चला रहे एक कथित नेता का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
“अभी यहीं अंजाम भुगतना होगा…” कहकर दी धमकी
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात एयरपोर्ट की ओर से आ रही एक कार को पुलिस ने नियमित जांच के लिए रोका। जांच में ड्रंक एंड ड्राइव की पुष्टि होने के बाद जब पुलिस ने कार की चाबी मांगी, तो चालक भड़क उठा और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को धमकाने लगा।वायरल वीडियो में वह कथित नेता पुलिस से कहते हुए सुनाई दे रहा है—“आप लोग समझ नहीं रहे हैं, इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा… अभी बुलाया हूं, थोड़ा इंतजार कीजिए।”
वीडियो बनाने पर भी भड़के नेताजी: वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि कथित नेता मौके पर वीडियो बना रहे व्यक्ति पर भी नाराज हो गया। उसने कहा “वीडियो बनाना बंद कर… दस मीडियावाले हमारे पास भी हैं, अभी वीडियो बनवाकर वायरल कर दूँगा।”
करीब चार मिनट के वायरल वीडियो में वह खुद को प्रदेश पदाधिकारी बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। साथ ही यह कहते भी सुना जा रहा है “छोटा-मोटा चालान काटकर छोड़ देते… थोड़ी शराब पिया हूं…”
पुलिस ने दिखाई सख्ती, कार जब्त
हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने संयम बनाए रखा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की। विवाद और कथित दबाव के बावजूद पुलिस ने वाहन को जप्त कर थाने में खड़ा कर दिया।
रायपुर में जारी है सख्त अभियान: गौरतलब है कि रायपुर पुलिस इन दिनों ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। आम लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन अब इस कार्रवाई में कुछ राजनीतिक रसूख वाले लोग भी फँसते नजर आ रहे हैं।इस घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि क्या नियम आम लोगों के लिए ही हैं, या प्रभावशाली लोगों पर भी समान रूप से लागू होंगे?




