CG Breaking Gram Sabha: 24 जून को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा, आवास प्लस 2.0 सहित कई मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास, पंचायतों की वित्तीय स्थिति, आवास योजनाओं, रोजगार, सामाजिक मुद्दों तथा स्थानीय विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।
ग्राम सभा में विशेष रूप से आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) का वाचन और अवलोकन किया जाएगा। शासन की निर्धारित मार्गदर्शिका और एसओपी के अनुसार पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण भी नियमानुसार किया जाएगा। ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद स्थायी प्रतीक्षा सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।
बैठक में पूर्व ग्राम सभाओं के निर्णयों के पालन प्रतिवेदन, पंचायतों के आय-व्यय की समीक्षा और अनुमोदन, विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति तथा पंचायत संपत्तियों के प्रबंधन जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा विकसित भारत, रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबीजी रामजी) के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। योजना के तहत रोजगार गारंटी के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, बेरोजगारी भत्ते के बेहतर प्रावधान, समय पर मजदूरी भुगतान तथा ग्राम सभा आधारित विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग का मानना है कि ग्राम सभाओं में सक्रिय जनभागीदारी से विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर निर्णय लिए जा सकेंगे। ग्राम सभा में पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 के परिणाम भी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।




