‘संविधान हत्या दिवस’ पर CM विष्णुदेव साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- आपातकाल लोकतंत्र का काला अध्याय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यानि 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के अवसर पर आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता के अहंकार में देश पर आपातकाल थोपकर संविधान की भावना को आघात पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान MISA जैसे कानूनों के तहत हजारों लोकतंत्र सेनानियों, पत्रकारों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया तथा उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ घोषित करना लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान निधि बहाल की है, बकाया राशि का भुगतान किया है और लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक-2025 पारित कर उनके सम्मान को कानूनी सुरक्षा प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराने का आह्वान किया।



