रेवंत रेड्डी के ‘Who is he?’ बयान पर भाजपा का पलटवार, मंत्री रामविचार नेताम बोले- लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान

नई दिल्ली/रायपुर। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर दिए गए कथित “Who is he?” (वह कौन हैं?) बयान पर सियासी विवाद गहरा गया है। भाजपा ने इसे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं का अपमान बताया है।
इस मुद्दे पर छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा,”तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के प्रति अमर्यादित बयान केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं, बल्कि करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है। कांग्रेस का अहंकार एक बार फिर सामने आ गया है। परिवारवाद की राजनीति करने वालों को जनसेवा और संगठन की ताकत कभी समझ नहीं आएगी। लोकतंत्र में असहमति स्वीकार्य है, लेकिन अभद्रता और व्यक्तिगत कटाक्ष नहीं। जनता सब देख रही है और लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता ही करती है। रेवंत रेड्डी, मुख्यमंत्री के तौर पर आपका यह आचरण अत्यंत निंदनीय और अमर्यादित है।
“दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में तेलंगाना दौरे के दौरान कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया था और राज्यभर में आंदोलन चलाने की बात कही थी। इसके बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पलटवार करते हुए कथित तौर पर “Who is he?” कहकर टिप्पणी की, जिसके बाद भाजपा ने इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं का अपमान बताया।




