छत्तीसगढ़राजनीति

नकटी मामले में कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है : अनुराग सिंहदेव, 66 कब्जाधारियों को आवास उपलब्ध कराया, विधायक आवास का दावा पूरी तरह भ्रामक : सिंहदेव

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने नकटी अतिक्रमण मामले में कांग्रेस पर झूठा नैरेटिव गढ़कर प्रदेश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले के तथ्य सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने और भावनाएं भड़काने का प्रयास कर रही है।

रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित निर्णय लिया और 66 कब्जाधारियों को नवा रायपुर के सेक्टर-30 में आवास उपलब्ध कराया। उन्होंने बताया कि सेक्टर-30 में पहले से करीब 1200 परिवार निवास कर रहे हैं और वहां सड़क, बिजली, पानी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन और अन्य आवश्यक सहायता भी दी जा रही है तथा आवासों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नकटी में विधायक आवास बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने का जो दावा किया जा रहा है, वह पूरी तरह झूठा है। विधायक आवास के लिए स्थान का चयन विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और अन्य सदस्यों की समिति द्वारा किया जाता है। वर्तमान में संबंधित भूमि राजस्व विभाग के अधीन है और किसी अन्य विभाग को हस्तांतरित नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि 1 सितंबर 2020 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार में आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के विभाग ने इस भूमि को सामान्य आवास योजना के लिए देने का प्रस्ताव रखा था। इसलिए यदि कांग्रेस विधायक इस विषय पर पत्र लिख रहे हैं तो उन्हें वह पत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर को भेजना चाहिए, क्योंकि यह प्रस्ताव उन्हीं के कार्यकाल का था।

उन्होंने बताया कि नकटी ग्राम की कुल आबादी 2110 है। गांव में 22.736 हेक्टेयर शासकीय भूमि और 24.175 हेक्टेयर निजी भूमि है। वर्ष 2022 के पटवारी प्रतिवेदन में लगभग 3 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का उल्लेख किया गया था, जबकि इसके बाद भी बड़े पैमाने पर अतिक्रमण बढ़ा। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने 10 हजार से 29 हजार वर्गफीट तक शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखा था तथा कुछ स्थानों पर 50 लाख रुपये तक के पक्के मकान भी बने हुए थे। उन्होंने इसे सामान्य अतिक्रमण नहीं बल्कि सुनियोजित और संगठित अतिक्रमण बताया।

सिंहदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने विधायक आवास के नाम पर झूठा नैरेटिव तैयार कर जनता को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, श्री टी.एस. सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई नेताओं ने तथ्यों के विपरीत बयान देकर लोगों की भावनाएं भड़काने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आवास एवं पर्यावरण मंत्री के निवास में जबरन प्रवेश करने की कोशिश भी इसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे विमर्श खड़े कर प्रदेश में वैसी ही स्थिति पैदा करना चाहती है जैसी पहले बलौदाबाजार में देखने को मिली थी। लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने षड्यंत्रपूर्वक माहौल बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सिंहदेव ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सेरीखेड़ी में 152 परिवारों को बेदखल किया गया था, लेकिन उनके पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं की गई। वहीं नवा रायपुर के 27 गांवों के किसानों का 292 दिनों तक आंदोलन चला, लेकिन तत्कालीन सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय बलपूर्वक आंदोलन समाप्त कराया।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी तथा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search