
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे मुंबई से दोपहर में रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे के साथ ही प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा।
मंगलवार को दोपहर 3 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि शाम 6 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसके बाद बुधवार सुबह प्रदेश महामंत्रियों की बैठक और दोपहर में प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक प्रस्तावित है।
इन बैठकों में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठकों में प्रदेश संगठन के विस्तार, आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति तथा 2028 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी मंथन किया जाएगा।
भाजपा के लिए शिवप्रकाश सिंह का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले समय में प्रदेश में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को गति देने पर पार्टी का विशेष फोकस रहेगा।




