
रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना परिसर में कांग्रेस का अनिश्चित- कालीन धरना फिलहाल एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। पुलिस द्वारा कांग्रेस की तीनों मांगों पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धरना स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस फिर आंदोलन शुरू करेगी।
खम्हारडीह थाने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तथा अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को लेकर धरना दिया था। धरने का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कर रहे थे।
धरने के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गलत तरीके से एफआईआर दर्ज की गई है। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
करीब 18 घंटे तक चले आंदोलन के बाद पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत हुई। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस की तीनों मांगों पर लिखित आश्वासन दिया। साथ ही कांग्रेस की शिकायत पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया।
लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धरना एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पुलिस की कार्रवाई पर नजर रखेगी और यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।
पुलिस ने कांग्रेस की इन तीन मांगों पर दिया लिखित आश्वासन
करीब 18 घंटे तक चले धरने के बाद पुलिस प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच सहमति बनी। पुलिस ने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों पर लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धरना एक सप्ताह के लिए स्थगित करने की घोषणा की। पुलिस ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि
1- कांग्रेस के आवेदन पर सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर कांग्रेस भवन पर हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
2- घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का डॉक्टरी मुलाहिजा (मेडिकल परीक्षण) कराकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
3- जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं, उनकी विवेचना कर उचित पाए जाने पर गैर-जमानती धाराएं हटाने की कार्रवाई की जाएगी।




