खिलाड़ियों का लंबा इंतजार खत्म: राज्य शासन ने जारी की 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची, सरकारी नौकरी का रास्ता साफ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का वर्षों से चला आ रहा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। राज्य शासन ने 20 खेलों के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने ‘छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति, 2007’ के तहत इस सूची का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया है।
यह सूची वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर तैयार की गई है। इन खिलाड़ियों को राज्य शासन की नीति के तहत शासकीय सेवा में नियुक्ति का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 30 जून 2026 को आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था।
बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित समिति के सदस्यों ने प्राप्त सभी आवेदनों और उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा करने के बाद 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया। आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को इसका राजपत्र में प्रकाशन कर दिया गया।
राज्य सरकार के इस फैसले से लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिली है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।



