सुशासन तिहार की समीक्षा में मुख्यमंत्री साय सख्त: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

रायपुर। सीएम विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक समीक्षा की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में राजस्व, ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को सकारात्मक सोच, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार जैसे लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना और राजस्व अभिलेखों के अद्यतन कार्यों में तेजी लाने पर भी बल दिया।पीएम आवास और सूर्यघर योजना को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देशमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण वर्षा ऋतु से पहले पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही अधिक से अधिक मेसन प्रशिक्षण देकर निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा में उन्होंने वर्ष 2027 तक प्रदेश में पांच लाख सौर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और एग्रीस्टैक पंजीयन कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण और कुपोषण उन्मूलन पर फोकस: बिहान योजना की समीक्षा के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। समीक्षा में बताया गया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 20,245 तथा बालोद जिले में 36,312 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। औराटोला गांव को लखपति ग्राम के रूप में विकसित किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं की बरसात पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश: मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु के दौरान संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अग्रिम तैयारी करने तथा अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। बालोद जिले में डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए आवश्यक रोकथाम और उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क, पेयजल और डिजिटल सेवाओं की समीक्षा:जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मोहला-मानपुर क्षेत्र में स्वीकृत 60 किलोमीटर सड़क में से 50 किलोमीटर कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर विशेष बल:मुख्यमंत्री ने पीएम श्री स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की सतत निगरानी पर जोर दिया। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने पर संतोष व्यक्त करते हुए हेलमेट उपयोग और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता अभियान जारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ सभी अधिकारियों को कार्य करना होगा।




