GeM Sustainable Procurement Award: छत्तीसगढ़ को मिला बड़ा सम्मान, सरकारी खरीदी में ₹130 करोड़ की बचत

रायपुर। छत्तीसगढ़ को Government e-Marketplace (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में ‘GeM Sustainable Procurement Award’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में यह सम्मान प्रदान किया गया। GeM के एक दशक पूरे होने पर समारोह की थीम ‘GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities’ रही।
राज्य सरकारों के लिए निर्धारित ‘Premier Awards – State Government Felicitation’ श्रेणी में छत्तीसगढ़ को यह पुरस्कार GeM के प्रभावी उपयोग और इसके जरिए शासकीय खरीदी के मूल्य एवं मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए दिया गया है।
सरकारी खरीदी में ₹130 करोड़ की बचत
GeM प्लेटफॉर्म पर पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया के चलते वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ शासन को ₹130 करोड़ की बचत हुई। यह बचत विभागों द्वारा खरीदी के लिए अनुमानित लागत और खुली प्रतिस्पर्धी बोली के बाद प्राप्त वास्तविक बाजार मूल्य के अंतर से हुई है। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीदी के माध्यम से राज्य शासन को कुल ₹235 करोड़ की बचत हुई है।
GeM की खुली बोली प्रक्रिया, मानकीकृत विनिर्देश और प्रत्येक लेन-देन का डिजिटल एवं ऑडिट योग्य रिकॉर्ड सरकारी खरीदी में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करता है।
GeM से खरीदी में 113% की वृद्धि
छत्तीसगढ़ में GeM के माध्यम से शासकीय खरीदी वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर ₹3,935 करोड़ हो गई। यह पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 113 प्रतिशत की वृद्धि है। राज्य सरकार द्वारा विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों की खरीदी को एक साझा एवं पारदर्शी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के प्रयासों से यह वृद्धि संभव हुई है। इससे अधिक से अधिक सरकारी खरीदी खुली प्रतिस्पर्धा के दायरे में आई है।
MSEs को ₹1,800 करोड़ के ऑर्डर
GeM के व्यापक उपयोग से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की सरकारी खरीदी में भागीदारी भी बढ़ी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में MSEs से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर ₹1,800 करोड़ हो गई। यह निर्धारित 25 प्रतिशत MSE खरीद लक्ष्य से काफी अधिक है।वहीं, महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों से खरीदी में 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में रिकॉर्ड 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
‘GeM ने उद्यमियों के लिए खोले सरकारी बाजार के द्वार’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि GeM ने छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सरकारी मांग और बाजार से जुड़ने का सशक्त माध्यम उपलब्ध कराया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप की भागीदारी में हुई वृद्धि इस पारदर्शी व्यवस्था की सफलता को दर्शाती है।उन्होंने कहा कि खुला और पारदर्शी डिजिटल मार्केटप्लेस प्रत्येक उद्यमी को समान अवसर प्रदान करता है। सरकार का प्रयास है कि इसका लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति के उद्यमियों और स्टार्टअप तक पहुंचे।



