सेल सीएमडी डॉ. पंडा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात, बीएसपी विस्तार के लिए मांगा सहयोग

रायपुर/भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। बैठक में उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के आगामी विस्तार के लिए राज्य सरकार से सहयोगात्मक समर्थन का आग्रह किया।
प्रवास के दौरान डॉ. पंडा ने भिलाई इस्पात संयंत्र की रावघाट खदानों का दौरा कर खनन गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रावघाट क्षेत्र में पूर्ण पैमाने पर खनन परिचालन को जल्द पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को गति देने पर भी विशेष बल दिया।
प्रोजेक्ट विहान का उद्घाटन: डॉ. पंडा ने सेल की ईआरपी आधुनिकीकरण पहल ‘प्रोजेक्ट विहान’ का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर बीएसपी के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार सहित सेल-बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों से भी की मुलाकात:रायपुर प्रवास के दौरान सेल सीएमडी ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं जलवायु परिवर्तन) मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह तथा मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव (वित्त) मुकेश कुमार बंसल से भी मुलाकात की। इस दौरान बीएसपी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
बीएसपी के प्रदर्शन की भी समीक्षा:समीक्षा बैठक में डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल-बीएसपी के शीर्ष प्रबंधन के साथ संयंत्र के प्रदर्शन और विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संयंत्र के समग्र प्रदर्शन के साथ रावघाट माइंस परियोजना की प्रगति का भी जायजा लिया।
सीएमडी ने रावघाट में खनन परिचालन को पूर्ण क्षमता के साथ जल्द शुरू करने और दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना में तेजी लाने को प्राथमिकता देने की बात कही।




